बादली। बुपनियां गांव स्थित शिव मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने भागीदारी कर ग्रामीणों को धार्मिक कार्यक्रम की बधाई दी।
धनखड़ ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम हर भारतवासी के घट में बसता है। हमारी श्रद्धा और आस्था का केंद्र है रामलला। जो भगवान श्री राम का नही, वो किसी काम का नही हो सकता। उन्होंने कहा कि आश्चर्य होता है कि कांग्रेस और उनके इंडिया गठबंधन के साथी धार्मिक तुष्टिकरण के चलते रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का विरोध कर रहे थे। कांग्रेस ने पहले भगवान श्रीराम को मिथक व काल्पनिक माना, फिर माननीय अदालतों में 21-21 वकील खिलाफ खड़े किए। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा उपरांत हर भारतवासी को गर्व और गौरव की अनुभूति हो रही है। देश में ही नहीं दुनिया में जहां भी भारतीय हैं। कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजन समिति और क्षेत्र की सरदारी ने ओमप्रकाश धनखड़ का स्वागत किया। इस अवसर पर सरपंच आजाद और कोच जयवीर सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।