झज्जर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झज्जर एट गुढ़ा में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्र की 25 कंपनियां पहुंची।मेले में आईटीआई पास-आउट तथा अन्य लगभग 380 युवाओं ने भाग लिया। तथा लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के आधार पर कुल 254 को कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा शॉर्ट लिस्ट किया गया। 15 को नियुक्ति पत्र दिए गए। नौकरी पाकर युवाओं की खुशी का ठिकाना नहीं था।
इस आयोजन में मुख्यातिथि सिविल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट झज्जर अरविंद बंसल रहे। उन्होंने बताया कि आईटीआई पास कर चुके छात्रों के लिए यह एक बहुत ही अच्छा अवसर है। कंपनियां छात्रों के चयन हेतु संस्थान में आती हैं। छात्रों को किसी अलग-अलग कंपनी में भी नहीं घूमना पड़ता। प्रधानाचार्य जीतपाल ने बताया कि रोजगार मेले में राजस्थान, हरियाणा आदि क्षेत्र की 25 कंपनियों ने भाग लिया। इसमें 380 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इनमें लिखित परीक्षा व साक्षात्कार के आधार पर कुल 254 को कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा अप्रेंटिस तथा रोजगार के लिए चुन लिया गया।प्रधानाचार्य ने आवेदकों को बताया कि मेले में भाग लेने से उन्हें उद्योगों में सीधे काम करने का अवसर मिलेगा। नए कौशल विकसित करने के लिए सरकारी मानकों के अनुसार मासिक मानदेय यानि सीखने के दौरान कमाने का अवसर भी है। उम्मीदवारों को राष्ट्रीय शिक्षा एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र मिलेगा, जिससे प्रशिक्षण के बाद रोजगार की संभावना बढ़ जाएगी। इस अवसर पर गीता रानी प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई बहादुरगढ़, अनिल दलाल प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई मातनहेल, डॉ. नीलम जिला रोजगार अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर जेबीएम कंपनी द्वारा 15 छात्रों को ऑन द स्पॉट नियुक्ति पत्र दिए।