बहादुरगढ़। थाना शहर क्षेत्र के अंतर्गत ड्रेन वाले रास्ते पर विश्वकर्मा चौक के नजदीक एक अधिवक्ता की गाड़ी में टक्कर मार दी। आरोप है कि तैस में आकर अधिवक्ता के साथ मारपीट भी की। इस संबंध में अधिवक्ता ने थाना शहर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायकर्ता मॉडल टाउन निवासी राजदीप छिल्लर अधिवक्ता ने बताया कि 12 नवंबर की सुबह वह अपने घर मॉडल टाउन से अपनी गाड़ी में सवार होकर सेक्टर-6 में ड्रेन वाले रास्ते जा रहे थे। जब वे रेलवे रोड पर विश्वकर्मा चौक के पास पहुंचे तो पीछे से एक ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। जब उन्होंने चालक को रुकने को कहा तो चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश की। उन्होंने आगे जाकर ट्रक को रुकवाया तो ट्रक चालक ने उसके साथ मारपीट की। उसके गले पर झपटा मारा और सोने की चेन तोड़ ली। आसपास के राहगीरों ने उसे छुड़वाया और सोने की चेन वापस दिलवाई। आरोप है कि ट्रक चालक ने कहा कि मुझे छोड़ दे नहीं तो तेरे ऊपर से गाड़ी उतार दूंगा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अभी आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है।