झज्जर। चुनाव आचार संहिता खत्म हो चुकी है, ऐसे में अब विकास के कार्य एक बार फिर पटरी पर आने शुरू हो गए हैं। पंचायती राज विभाग विकास की तैयारी में जुट गया है। गांवों में कच्ची फिरनी को पक्का कराया जाएगा। ग्राम सचिवालय, पार्क कम व्यायामशाला, ग्रेट वाटर सिस्टम सहित अन्य विकास कार्यों पर लगभग 30 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। पंचायती राज विभाग ने विकास कार्यों के लिए तैयार एस्टीमेट पर टेंडर मांगे हैं।
लोकसभा चुनाव के चलते लगभग डेढ़ माह तक जिले में विकास कार्यों पर रोक लगी हुई थी। पंचायती राज विभाग की तरफ से भी कई विकास कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार कर रखे थे, लेकिन आचार संहिता लगने के कारण इन कार्यों के टेंडर नहीं लगाए जा सके। 6 जून को आचार संहिता हट चुकी है, ऐसे में अब विकास कार्यों की रफ्तार पकड़ने लगी है। पंचायती राज विभाग ने भी विकास के लिए कार्यों की सूची और एस्टीमेट तैयार किए हुए हैं। लगभग 120 विकास कार्यों को जिले भर के विभिन्न गांवों में कराया जाना है। इन कार्यों पर लगभग 30 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। पंचायती राज विभाग ने आनलाइन टेंडर मांगे हैं। कुछ विकास कार्यों के टेंडर इसी सप्ताह और कुछ के टेंडर अगले सप्ताह खोले जाएंगे।ो