संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। तीन दिनों की राहत के बाद फिर वायु प्रदूषण बढ़ गया है। रविवार को एक्यूआई 231 पर दर्ज किया गया था जो मंगलवार को यह 350 पर पहुंच गया। सुबह से स्मॉग छाया रहा जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। शनिवार व रविवार को तेज हवा चली तो प्रदूषण कम हुआ था लेकिन सोमवार व मंगलवार को हवा की गति धीमी होने के बाद प्रदूषण का स्तर बढ़ गया।
अगले एक-दो दिन में प्रदूषण कम होने की संभावना नहीं है। हवा की धीमी रफ्तार, हवा में अधिक नमी और घटते तापमान की वजह से इस समय प्रदूषण बढ़ रहा है। मंगलवार को शाम 4: 5 मिनट पर एक्यूआई 350 पहुंचा। यह बेहद खतरनाक स्थिति है। ऐसे में चिकित्सकों ने लोगों को कई तरह की सावधानियां बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय हवाओं की गति महज 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की है। जबकि दो दिन पहले हवा की गति 8 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे रही थी। स्मॉग छाने के बाद लोग जुकाम, कफ के साथ जल्दी थकावट, तनाव, चिड़चिड़ापन, अनिद्रा, सांस लेने में परेशानी, गले में खरास, बदन दर्द, सिर दर्द, आंखों में लाली या पीलापन, आंखों व चेहरे पर सूजन महसूस कर रहे हैं। ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल (उजाला सिग्नस) के निदेशक डॉ. मनीष शर्मा ने आमजन से इस बढ़ते प्रदूषण की वजह से बचकर रहने की सलाह दी है।
क्या बरतें सावधानी
-यदि बीमार हैं तो बाहरी गतिविधियां बंद कर दें, घर में ही चहलकदमी करें।
-यदि अस्थमा है तो हर समय अपनी दवाओं को अपने पास रखें।
आम लोग क्या करें
-सुबह व शाम के समय बाहरी गतिविधियां बंद कर दें।
-लंबे समय तक बाहर रहने से बचें।
-जॉगिंग की बजाय शॉर्ट वॉक अपनाएं, बीच में ब्रेक लें।
-यदि छाती में जकड़न, कफ, वीजिंग, सांस में तकलीफ या बेहोशी महसूस हो रही है तो चिकित्सक को दिखाएं।
-यदि घर में खिड़कियां हैं तो उसे बंद रखें।
-यदि एसी में फ्रेश एयर इंटेक ऑप्शन है तो उसे बंद रखें।
-अगरबत्ती, मोमबत्ती और धूप आदि न जलाएं।
-घर को साफ रखें, झाड़ू की बजाय पोंछा लगाएं, झाड़ू से धूल अधिक उड़ेगी।
-फोटो 59 : बहादुरगढ़ में मंगलवार को छाया स्मॉग।