झज्जर में भाजपा सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से उन्हें नहीं लगता कि मोनू मानेसर दोषी है। सांसद ने पत्रकारों से कहा कि केवल जांच के लिए गिरफ्तारी हुई है, कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री और सीएम मनोहर लाल की भी तारीफ की।
जुनैद-नासिर हत्याकांड सहित कई आरोपों से घिरे मोनू मानेसर की बेशक राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तारी कर ली हो, लेकिन भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने एक तरह से उसे क्लीन चिट दे दी है। सांसद से उसे गोभक्त और गोरक्षक बताया।
विज्ञापन
झज्जर में लघु सचिवालय में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए सांसद डाॅ.अरविंद शर्मा ने कहा कि मोनू मानेसर सनातन धर्म का रक्षक है और सनातन धर्म के लिए ही काम कर रहा है। वह गोभक्त और गोरक्षक है। भले मोनू मानेसर की गिरफ्तारी हो चुकी हो, लेकिन गिरफ्तारी केवल और केवल जांच के लिए हुई है।
इस जांच में कुछ भी सामने नहीं आएगा। जांच पूरी होते ही जो कुछ होगा, वह सभी के सामने आ जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम मनोहर लाल की भी तारीफ की। कहा कि दोनों नेता गरीब, किसान, मजदूर व दलित के साथ आम आदमी के हित में काम कर रहे हैं। हाल हीं में भारत में आयोजित जी-20 सम्मेलन से यह साबित हो गया है कि नरेंद्र मोदी भारत के हीं नहीं बल्कि पूरे विश्व के प्रधानमंत्री हैं। वह दिन अब दूर नहीं है जब भारत विश्वगुरु बनने की राह की ओर अग्रसर होगा।