बहादुरगढ़। पंचकूला में हरियाणा भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यकारणी की बैठक में बहादुरगढ़ से भाजपा नेता सतीश नंबरदार ने शिरकत की। यहां लौटने पर नंबरदार ने बताया कि मीटिंग में गृहमंत्री अमित शाह व केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जोश भरा। उन्होंने बताया कि हरियाणा की नायब सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं का समाधान करने को लेकर अधिकारियों को रोजाना दो घंटे कार्यालय में बैठने के निर्देश दिए हैं। आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो रहा है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र की मोदी व हरियाणा की नायब सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलवाने में कार्यकर्ता अपनी अहम भूमिका निभाएं। जिस तरह देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में एनडीए को बहुमत देकर तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने में अपना आशीर्वाद दिया है उसी तरह आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी हरियाणा प्रदेश की जनता भाजपा को तीसरी बार हरियाणा में सरकार बनाने का जनादेश देगी। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा, पूर्व चेयरमैन कर्मबीर राठी, दिनेश शेखावत, नरेश रोहिल्ला, कार्तिक राठी, परमिंदर जांगड़ा सहित अन्य नेता शामिल रहे।