झज्जर। बिरधाना गांव के पंच रमेश कुमार की हत्या उसी के साथ शराब पार्टी कर रहे तीन युवकों ने की थी। पुलिस ने पंच हत्याकांड का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कबूल किया है कि शराब की और मांग पूरी नहीं करने पर हुई कहासुनी के बाद उन्होंने सिर पर शराब की बोतल मारकर पंच की हत्या की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। यहां से आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
महराणा निवासी अमरदीप ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 फरवरी की सुबह वह अपने खेत में जा रहा था। नहर की पटरी पर पानी की डिग्गी के पास उसने गड्ढे में एक शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त बिरधाना गांव निवासी पंच रमेश कुमार के रूप में की थी। पुलिस ने इस मामले में सीआईए और दुजाना थाना की टीम को जांच में लगाया था। प्राथमिक जांच में सामने आया कि बिरधाना गांव के ही तीन युवकों ने शराब पार्टी के दौरान आपसी कहासुनी के बाद हत्याकांड को अंजाम दिया था।
विजयपाल ने सिर पर मारी थी बोतलपुलिस ने बताया कि बिरधाना गांव निवासी सुमित, विजयपाल और मंदीप ने वारदात के दिन पंच रमेश कुमार के साथ बैठकर शराब पी थी। इस दौरान आरोपियों ने पंच से और शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन पंच ने पैसे देने से मना कर दिया था। इसी दौरान उनकी कहासुनी हो गई और आरोपी विजयपाल ने पंच के सिर पर शराब की बोतल मार दी। इससे रमेश की मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।