बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर-9 में बाइक सवार दो युवकों ने अपने घर के बाहर टहल रही महिला से सोने की दो चेन झपट ली। उधर वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत हरकत में आई। बाइक सवार युवकों का पता लगाने व उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए। पुलिस को दी शिकायत में महिला कमला ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब सवा दो बजे वह अपने घर के बाहर टहल रही थी। उसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और अचानक उसके गले से सोने की दो चेन झपट ली। महिला ने बताया कि बाइक चलाने वाले शख्स ने हेलमेट पहन रखा था और काले कपड़े पहने हुआ था। महिला ने बताया कि उसकी एक चेन करीब 26 ग्राम की थी जबकि दूसरी चेन 15 ग्राम की। इस घटना के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद सेक्टर-9 चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी की गई। लेकिन तब तक झपटमार युवक मौके से भाग निकले थे। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।