झज्जर। गुरुग्राम रोड पर झज्जर गोशाला के पास शनिवार की रात कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका तहेरा भाई घायल हो गया। इस दौरान मौके पर भीड़ लग गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल झज्जर भेजा। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद बाइक सवार के शव को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार हरियंद्र पुत्र नफेसिंह गांव कुकड़ोला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसने राज सिंह के नाम से सिलानी गांव में ईंट-भट्ठा लगा रखा है। शनिवार की रात वह अपने ताऊ के लड़के हंसराज (45) पुत्र रामफल गांव कुकड़ोला के साथ बाइक लेकर भट्ठा से घर के लिए चले थे। बाइक को वह स्वयं चला रहे थे। जब वे झज्जर गुड़गांव रोड पर गोशाला के पास पहुंचे तभी एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। इस दौरान उसके ताऊ के लड़के हंसराज के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कार चालक घटना स्थल पर रोक रखा। लोगों के पूछने पर उसने अना नाम डावला गांव निवासी नवीन बताया है। लेकिन रात अधिक होने के कारण चालक कार लेकर भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने हरियंद्र के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
वर्जन
मृतक के भाई के बयान पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है।
- सतेंद्र कुमार, पुलिस थाना प्रभारी सदर, झज्जर।