साल्हावास। क्षेत्र के गांव मुंडाहेडा के एक युवक से पिस्तौल के बल पर मोटरसाइकिल छीन ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में मनोज निवासी मुंडाहेडा ने बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। वह अपनी मोटरसाइकिल से खेत में खाद डालने गया था। सायंकाल 6 बजे जब वह वापस आते समय भुरावासलडायन रोड के टी पांइट पर पहुंचा तो दो लड़कों ने उसे मोटरसाइकिल रोकने का इशारा किया। उन लड़कों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। मोटरसाइकिल रोकने पर उन लड़कों ने उसकी मोटरसाइकिल छीनने का प्रयास किया। जब उसने विरोध किया तो एक लड़के ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल लगा दी। दूसरे युवक ने सुएं से उसके सिर पर वार करने शुरू कर दिए। इसी दौरान बिरड-लडायन की तरफ से एक कार आती दिखाई दी। कार चालक ने जब इस घटना को देखकर उसे बचाने का प्रयास किया तो उन्होंने उसे भी पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी मोटरसाइकिल छीन कर फरार हो गए। पुलस ने शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।