बेरी/बादली। आमजन को बेहतर ढंग से सरकार की ओर से सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रदेश भर में उपमंडल स्तर पर सीएम विंडो का शुभारंभ रविवार को हो गया। झज्जर जिले के बेरी उपमंडल में उपायुक्त रमेश चंद्र बिढाण तथा बादली उपमंडल में एसडीएम बादली मनीषा शर्मा द्वारा विधिवत रूप से उपमंडल कार्यालयों में सीएम विंडो की शुरूआत की। उन्होंने क्षेत्रवासियों को सुशासन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासनिक स्तर पर सरकार के निर्देशों की बेहतर ढंग से अनुपालना की जाएगी। बेरी के लघु सचिवालय परिसर के ई दिशा केंद्र से उपायुक्त रमेश चंद्र बिढाण ने मुख्यमंत्री समस्या निवारण पटल सीएम विंडो का शुभारंभ करते हुए उपस्थित लोगों को बताया कि अब तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर दो सीएम विंडो चल रही थी और दूर दराज के गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय तक अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए आना पड़ता था किंतु अब उपमंडल स्तर पर सीएम विंडो की शुरूआत विशेष तौर पर ग्रामीण परिवेश के लोगों के लिए बेहद सहयोगी साबित होगी। इस मौके पर बीडीपीओ रामफल सिंह, बादली गांव की सरपंच सुमन देवी, अमित छनपाडिया, धर्मबीर पंच सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।