संवाद न्यूज एजेंसी
बेरी। कस्बे में बने दो जलघरों के टैंक का जलस्तर कम होने से अब विभाग ने तीन दिन में एक बार पानी की सप्लाई देगा। क्योंकि 28 दिसंबर को झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी आने की उम्मीद है। उसके बावजूद दो दिन तक पानी स्टोरेज करने के बाद सुचारु रूप से पानी की सप्लाई हो पाएगी। विभाग के जेई लोकेश का कहना है कि अबकी बार झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी से आठ दिन टैंकों में पानी आना था, लेकिन मुश्किल से 3-4 दिन पानी आया था, इसके चलते पानी पूरा नही आने से टैंकों का जलस्तर कम हुआ है।
जेई ने बताया कि झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी में 28 दिसंबर को पानी आएगा। जब तक कस्बे में पेयजल समस्या न बने, इसको लेकर विभाग ने पुराने जलघर के पास बने नाले के साथ लगे किसानों के ट्यूबवेल से टैंकों में पानी भरा जाएगा। पुराने जलघर के टैंकों से नए जलघर के टैंकों में पानी भरने के लाइन बिछाई गई है और मोटर को जोड़ दिया गया है। पुराने जलघर के टैंकों में पानी होने के बाद नए जलघर के टैंकों में पानी भर लिया जाएगा। झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी में जब तक पानी नहीं आएगा, तब तक शहर में तीन दिन में एक दिन सप्लाई दी जाएगी। पुराने जलघर से पानी की सप्लाई हिंदयान, चुल्याण व भागलपुरी में होती है और नए जलघर से पाना छाज्याण व बैठान में सप्लाई होती है।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात की गई तो उनका कहना था कि भालौठ सब ब्रांच के कन्हेली हेड पर नहर में काम चल रहा था। इसके चलते पानी नहीं मिला था। अब 28 दिसंबर तक झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी आ जाएगा। उसके बावजूद दो दिनों तक स्टोरेज किया जाएगा। उसके बाद कस्बे में सुचारु रूप से सप्लाई दी जाएगी। जब तक झज्जर डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी नहीं आएगा, तब तक कस्बे में तीन दिन में एक बार सप्लाई दी जाएगी।
- लोकेश, कनिष्ठ अभिंयता, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, बेरी।