झज्जर।डीसी शक्ति सिंह ने कहा कि राजस्व संबंधित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी सजगता के साथ कार्य करें ताकि नागरिकों को सुखद अहसास हो सके।
डीसी मंगलवार को संजीव कौशल, मुख्य सचिव हरियाणा सरकार की वीसी उपरांत संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का जनता के साथ प्रत्यक्ष संपर्क होता है। उनके साथ संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करें।
डीसी ने बैठक के दौरान मॉडर्न रिकॉर्ड रूम, जनसंवाद पोर्टल, स्वामित्व, मुसावी, ई-भूमि पोर्टल, गिरदावरी आदि कार्यों की समीक्षा की। इस बीच उन्होंने बढ़ती ठंड के चलते अधिकारियों को रैन बसेरों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। रात के समय कोई भी व्यक्ति खुले में ना रहे,इसके लिए रैन बसेरों में आश्रय दिया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन के कार्यों को लेकर सरकारी कार्यालयों में अधिकारी एवं कर्मचारी अपने व्यवहार में नम्रता लाएं तथा नागरिकों के राजस्व संबंधी कार्यों को तत्परता के साथ निपटाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसीलदार सप्ताह में कोर्ट का दिन निर्धारित कर कोर्ट लगाकर केसों की सुनवाई जरूर करें। इसके अलावा जनसंवाद पोर्टल पर जो समस्याएं हैं, उनका जल्द निपटारा किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि जिला के किसी भी गांव में कोई शिकायत या समस्या होती है तो संबंधित गांव का ग्राम सचिव व पटवारी तुरंत इसकी सूचना जिला प्रशासन को जरूर दें, ताकि गांव में हुई घटना या समस्या का समाधान समय पर किया जा सके। इस अवसर पर डीआरओ प्रमोद चहल, डीआईओ अमित बंसल, डीआईपीआरओ सतीश कुमार, तहसीलदार बहादुरगढ़ नरेंद्र दलाल, मातनहेल शिखा रानी, नायब तहसीलदार झज्जर जितेंद्र कुमार उपस्थित थे।