बहादुरगढ़। उद्योग नगरी बहादुरगढ़ के रेलवे स्टेशन पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर इसे विश्व स्तरीय स्टेशन बनाया जाएगा। रेलवे के उच्च अधिकारियों की टीम तीन बार दौरा करके यहां के पहले चरण की योजना को अंतिम रूप देकर गई है।
बहादुरगढ़ में रेलवे की पर्याप्त जमीन होने के कारण स्टेशन को भव्य और आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी। तीन माह पूर्व यहां डीआरएम डिंपी गर्ग ने दौरा किया और स्टेशन के बारे में जानकारी ली थी। रेलवे के पास जमीन की उपलब्धता के बारे में उन्होंने पूछा था। डीआरएम के दौरे के बाद रेलवे की यहां दो टीम लगातार आवाजाही कर रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेल मंत्रालय ने अपनी योजना के तहत बहादुरगढ़ स्टेशन को विस्तार और विकास कार्यों के लिए चिह्नित किया है। जल्द ही स्टेशन पर विद्युत, पार्किंग, वेटिंग एरिया, लैंड स्केपिंग जैसे क्षेत्रों में विस्तार किया जाएगा। रेल विभाग इसके लिए डीपीआर तैयार करवा रहा है। प्रारंभिक मानचित्र तैयार हो गया है। बहादुरगढ़ रेलवे लाइन के दूसरी तरफ लाइन पार क्षेत्र में भी स्टेशन का भवन बनेगा व वहीं रेलवे टिकट घर बनेगा। स्टेशन की दूसरी एंट्री के लिए सिटी प्लानर के अनुसार दूसरी एंट्री और सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, पार्सल, वेटिंग हॉल, प्लेटफार्म, रिटायरिंग रूम, कार्यालयों में फर्नीचर, बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार दिव्यांगजन सुविधाएं, एलईडी आधारित स्टेशन नाम बोर्ड व लाइटिंग, महिलाओं, दिव्यांगजनों के लिए पर्याप्त शौचालय, के अलावा फाई-फाई का प्रावधान करने की भी योजना है। रेलवे इस परियोजना के लिए दिल्ली के आर्किटेक्ट जगदीश मारवाह एसोसिएट्स से डीपीआर बनवाने में मदद ले रहा है। परियोजना पर करोड़ो रुपये लागत आएगी।
दरअसल बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन 1932 में बना था। उसके बाद अब स्टेशन को अत्याधुनिक बनाने की परियोजना के तहत बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बड़ा पार्किंग एरिया, 24 घंटे बिजली, पीने का पानी, वातानुकूलित लॉबी, हाई स्पीड एस्केलेटर, एयर कॉनकोर्स और होटल जैसी सुविधाएं जोड़ने की प्लानिंग है। रेल अधिकारियों ने बताया कि योजना के मुताबिक सभी चयनित स्टेशन का सुधार किया जाएगा। इसी तरह स्टेशन पर प्रवेश द्वार का चौड़ीकरण, उच्च स्तरीय प्रकाश व्यवस्था, स्टेशन वेटिंग हॉल का विस्तार, स्टेशन पर उपलब्ध अनुपयोगी स्थान को जोड़ते हुए एग्जीक्यूटिव लाउंज का विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया के प्रत्येक तरफ साइनेज, अप्रोच सड़क का चौड़ीकरण, पैदल चलने वालों के लिए रास्ता, वाहन का प्रवेश-अस्तित्व, भूनिर्माण, दूसरा प्रवेश द्वार हरे पैच और स्थानीय कला को बढ़ावा देने के लिए कार्य किए जाने हैं। प्लेटफार्मों व शैडों की लंबाई भी बढ़ाई जाएगी।
.............वर्जन
स्थानीय रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने के बाद डीआएम डिम्पी गर्ग के दौरे के बाद दो बार रेलवे की टीम बहादुरगढ़ स्टेशन का दौरा कर चुकी है। अब बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन को उच्च श्रेणी सुविधाओं से युक्त करने की योजना है। जिस पर जल्द ही काम शुरू होगा। इसे कितने चरण में पूरा किया जाना है इसे लेकर रेलवे अधिकारियों की टीम जल्द ही फिर से निरीक्षण करेगी।
यशपाल सिंह मीणा, अधीक्षक, रेलवे स्टेशन बहादुरगढ़