साल्हावास। क्षेत्र के गांव बहु स्थित कालेज में बीए प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। छात्रा अपनी दो सहेलियों के साथ बाइक से घर जा रही थी।
छात्रा की पहचान मित्तल पुत्री रामचंद्र निवासी झोलरी जिला रेवाड़ी के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार झोलरी निवासी मित्तल शनिवार को कालेज से छुट्टी होने के बाद दो सहेलियों के साथ बाइक से अपने घर जा रही थी। खोरड़ा मोड चौराहे को पार करते समय बाइक फिसल गई और बाइक सवार युवतियां सड़क पर जा गिरी। इससे छात्रा मित्तल की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हाे गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके से सबूत इकट्ठे किए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल झज्जर में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, लेकिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पोस्टमार्टम की कार्रवाई रविवार को होगी। छात्रा ने इसी साल बीए प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। वह अपनी सहेलियों के साथ किसी काम से कॉलेज आई थी।