झज्जर। नजफगढ़ से शादी समारोह से परिवार के सदस्यों के साथ लौट रहे वकील से बादली रोड पर चार युवकों ने गाड़ी लूटने का प्रयास किया। वकील ने पुलिस को सूचना देकर गाड़ी दौड़ा ली। पुलिस ने कुलदीप सिंह चौक पर दो लुटेरों को पकड़ लिया जबकि दो मौके से फरार हो गए।बाद में फरार हुए दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
आर्य नगर निवासी अधिवक्ता गौरव गुप्ता ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि तीन मार्च को वह नजफगढ से अपने घर झज्जर आ रहे थे। उसके साथ गाड़ी में उसके चाचा के लड़के दिपेश व आकाश थे। रात 12 बजे बादली रोड ग्रीन फील्ड स्कूल के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक वैगनार गाड़ी उनकी गाड़ी के आगे अड़ा दी। उस गाड़ी में से चार युवक बाहर निकले और उनसे गाड़ी छीनने का प्रयास किया। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। इस पर उसने अपनी गाड़ी को तुरंत साइड से भगा लिया और इसकी सूचना 112 नंबर काल करके दी। चारों ने अपनी गाड़ी से उनकी गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। जब वे कुलदीप सिंह चौक झज्जर पर पहुंचे तो पीसीआर की गाड़ी ने वहां पर आकर वैगनार गाड़ी को काबू किया। इस दौरान दो लड़के मौका का फायदा उठाकर भाग गए जबकि दो को पुलिस ने पकड़ लिया। पकडे़ गए आरोपियों ने अपना नाम पता प्रदीप व प्रमोद निवासी सिलानी गेट झज्जर बताया। इसके बाद जब पुलिस घटनास्थल की तरफ गई तो रास्ते में बचे दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया। उनकी पहचान वार्ड नंबर-8 सिलानी गेट निवासी योगेश और वार्ड नंबर-5 दिल्ली गेट निवासी सुमित के रूप में हुई। पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने शराब पी रखी थी। वह काफी देर से वकील की गाड़ी का पीछा कर रहे थे। जैसे ही ग्रीन फील्ड स्कूल के पास वकील की गाड़ी पहुंची तो आरोपियों ने अपनी गाड़ी वकील की गाड़ी के आगे लगा दी।
चारों आरोपियों को अदालत ने भेजा जेल
जांच अधिकारी उप निरीक्षक सतबीर सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उनको जेल भेज दिया गया है।