बहादुरगढ़। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए गए हैं। दिल्ली से सटे बहादुरगढ में भी अलग-अलग स्थानों पर 17 नाके लगाए गए हैं। पुलिस नाकों पर हरियाणा पुलिस के जवानों के साथ सीआरपीएफ और आईआरबी के जवान भी तैनात किए गए हैं।
डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि बहादुरगढ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन कंपनियां पहुंच गई हैं। निर्धारित बूथों पर सुरक्षा के लिए तैयारियां कर ली गई है। सुरक्षा जांच के दौरान भारी मात्रा में शराब भी बरामद की गई है। उन्होंने लाइसेंसी हथियारधारकों से हथियार जमा करवाने को भी कहा है। किसी कार्य के मद्देनजर अगर हथियार रखना जरूरी है तो उसकी पूर्व अनुमति लेनी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ भी समन्वय बैठकें की है। ताकि चुनावों के दौरान किसी तरह की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। डीसीपी मयंक ने आमजन से भी चुनाव को प्रभावित करने वाली अनैतिक और आपराधिक गतिविधियों की जानकारी देने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी भी तरह का कानून का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। जगह-जगह पुलिस नाके लगाकर चेकिंग की जा रही है।