बादली। खेतों में भेड़-बकरी चराने के लिए घर से गए व्यक्ति के साथ तीन युवाओं ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी है। मारपीट में घायल व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दी है। इस पर पुलिस ने तीन युवाओं पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बादली निवासी सूरज प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक साथी के साथ ईशापुर रोड पर भेड़-बकरियों को चराने के लिए लेकर गया था। खेतों में मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवाओं ने उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। झगड़े के बाद तीनों युवाओं ने मिलकर उसकी पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में सूरज को गहरी चोटें आई जिसे उपचार के लिए झज्जर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस सूचना मिलने पर पहुंची और सूरज की शिकायत पर बादली निवासी कालू और जीतू के साथ गुभाना निवासी मनजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।