कैडेट एशिया चंैपियनशिप में पदक विजेता अर्जुन का स्वागत करते हिन्द केसरी पहलवान सोनू और अन्य।
बहादुरगढ। हिन्द केसरी सोनू पहलवान अखाड़े के पहलवान अर्जुन ने कैडेट एशिया चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है। पहलवान अर्जुन रूहिल ने मंगोलिया के पहलवान को 10-0 से मात दी।
अर्जुन 92 किलो भार वर्ग में फ्री स्टाईल स्पर्धा का पहलवान है। जार्डन में 23 से 25 जून तक कैडेट एशिया चैंपियनशिप करवाई गई थी। इसमें कई देशों के पहलवानों ने भाग लिया। पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलते हुए अर्जुन ने मंगोलिया और कजाकिस्तान के पहलवानों को शिकस्त देकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने का काम किया है। रोहद गांव के रहने वाले पहलवान अर्जुन ने हिंद केसरी सोनू अखाड़े में अर्जुन अवार्डी कोच धर्मेन्द्र और सुधीर कोच के सान्निध्य में कुश्ती की बारीकियां सीखी हैं। अर्जुन का कहना है कि वो भी ओलंपिक में देश के लिए गोल्ड मैडल हासिल करना चाहता है। अर्जुन पहलवान की कुश्ती का सफर महज 5 साल पहले ही शुरू हुआ है। हिन्द केसरी सोनू पहलवान अखाड़े में अभ्यास करते हुए अर्जुन ने स्कूल नेशनल में भी गोल्ड मैडल हासिल किया। उसके बाद कैडेट एशिया में चयन के लिए हुए ट्रायल में भी प्रथम स्थान हासिल किया है। अर्जुन के सहकोच अनुराग ने कहा, उन्हें उम्मीद है कि अर्जुन आगे भी देश का नाम रोशन करेगा। अर्जुन पहलवान की उपलब्धि से दूसरे पहलवानों को भी प्रेरणा मिलेगी। हिन्द केसरी पहलवान सोनू ने भी अर्जुन को फूलमाला पहनाकर बधाई और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अर्जुन भी अखाड़े के दूसरे पहलवानों की तरह देश का गौरव बढ़ाने का काम करेगा। पदक जीतकर लौटे अर्जुन का अखाड़े में भी जोरदार स्वागत किया गया। साथी पहलवानों और कुश्ती प्रेमियों ने फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर अर्जुन को बधाई दी है। इस मौके पर कोच रिंकू, मुकेश कोच, सेठी पहलवान, कृष्ण छारा, रामकिशन, पवन जाखौदा, बिल्लू ठेकेदार, राहुल फिजियो, पातर सिंह, राजा रिटौली, विरेन्द्र जाखौदा, कालू पहलवान, सरूप पहलवान, मंगत, संजय पहलवान, सतेंद्र रूहल और बलवान मांडौठी समेत अन्य मौजूद रहे।
-फोटो 53 : कैडेट एशिया चंैपियनशिप में पदक विजेता अर्जुन का स्वागत करते हिन्द केसरी पहलवान सोनू और अन्य। संवाद