नारनौल(महेंद्रगढ़)। हरियाणा के अंतिम छोर पर स्थित कस्बे नारनौल की बेटी आराधना अग्रवाल को प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान कार्यक्रम में विशिष्ट व्यक्ति के तौर पर शामिल होने का निमंत्रण मिला है। प्रधानमंत्री तीन दिवसीय यात्रा पर 21-23 सितंबर तक अमेरिका जा रहे हैं। 22 सितंबर को न्यूयार्क में होने वाले कार्यक्रम में आराधना अग्रवाल भी मौजूद रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि आराधना का जन्म नारनौल में हुआ है। नारनौल के सरकारी स्कूल और कालेज से शिक्षा प्राप्त की है। आराधना ने अपनी प्रतिभा के दम पर हरियाणा ही नहीं, पूरे देश का नाम रोशन किया है। शिवचरण गोयल के घर जन्म लेने वाली आराधना अग्रवाल भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।
अध्यापक माता-पिता का सपना बेटी को उच्च शिक्षा प्रदान कर उच्च मुकाम तक पहुंचाना था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण आराधना का दाखिला नारनौल के सरकारी स्कूल में ही करवाना पड़ा। आराधना ने हाई स्कूल तक की शिक्षा नारनौल स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बीकॉम राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल से किया।
इसके बाद कॉमर्स में मास्टर डिग्री महर्षि दयानंद विश्व विद्यालय के रीजनल सेंटर रेवाड़ी से प्राप्त किया। उन्होंने सीए में दाखिला लिया। आराधना चार्टर्ड एकाउंटेंट और कंपनी सेक्रेटरी की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद जिला महेंद्रगढ़ की पहली महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट बनकर आईसीएआई की सदस्य बनीं।
अपनी योग्यता के बल पर आराधना अमेरिका स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनियां में डायरेक्टर ऑफ फाइनेंस बनीं। इतना ही नहीं आराधना को यूएस चेप्टर ऑफ आईसीएआई की पहली महिला चेयरमैन बनने का भी गौरव हासिल है।