गांव धनिरवास में अमनदीप जाखड़ के परिजनों को मिठाई खिलाते सरपंच राकेश जाखड़।संवाद
साल्हावास। जून 2023 में नियंत्रण रेखा के पास कुपवाड़ा जिले के केरेन सेक्टर में आतंकवादी को मार वाले गिराने गांव धनिरवास निवासी मेजर अमनदीप जाखड़ पुत्र बेदराम जाखड़ को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। इससे गांव व क्षेत्र में खुशी का माहौल है। धनिरवास सरपंच राकेश जाखड़ ने अपनी पंचायत के साथ मिलकर उनके परिजनों को गांव में सम्मानित किया।
गांव में आयोजित समारोह में कैप्टन विलास, जयभगवान, पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह, मुकुल, हिमांशु, जतिन, करतार सिंह आदि उपस्थित रहे। सरपंच राकेश जाखड़ ने बताया कि धनिरवास निवासी 4 सिख रेजिमेंट जम्मू कश्मीर से मेजर अमन दीप जाखड़ को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। मेजर अमनदीप के पिता बेद राम जाखड़ सीआरपीएफ में कमांडेंट के पद से 2019 में सेवानिवृत्त हुए हैं। वे अपने परिवार के साथ बहादुरगढ़ सेक्टर 13 में रहते हैं।
अमनदीप जाखड़ के परिजनों में सूबेदार से सेवानिवृत्त रामचंद्र जाखड़ आर्मड ग्रुप, नायब सूबेदार से सेवानिवृत्त नफे सिंह, सूबेदार से सेवानिवृत्त कृष्ण कुमार, पीओएमई से सेवानिवृत्त सुरेंद्र जाखड़, पीओसीओएमई से सेवानिवृत्त राकेश जाखड़ ने भी देशसेवा की है। अमनदीप जाखड़ के चचेरे भाई सुरेंद्र उर्फ बिंटू ने बताया कि गांव धनीरवास, के अमनदीप जाखड़ तीसरी पीढ़ी के वीरता पुरस्कार विजेता अधिकारी (ग्रैंड) हैं। पिता छठे जाट आरईजीटी को सैन्य पदक से सम्मानित किया गया, दादा समेर सिंह वीरता से सम्मानित हो चुके हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी से ला ग्रेजुएट अमनदीप की खेलों में खास रूचि है। फुटबाल में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हैं। इनकी पत्नी मेजर माल्विका सिगनल रेजिमेंट में लद्दाख में अपनी सेवाएं दे रही हैं। 2019 में अमनदीप जाखड़ ने हिमाचल की माल्विका से शादी की।