संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़/झज्जर। बारिश के चलते मंडियों में सब्जियों की आवक घट गई है। इससे आने वाले दिनों में सब्जियों की कीमत और बढ़ने की आशंका है। टमाटर के बाद अब अन्य सब्जियों ने भी नखरे दिखाना शुरू कर दिए हैं। टमाटर जहां 200 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से बिक रहा है। वहीं शिमला मिर्च और बीन्स के दाम भी 100 रुपये तक पहुंच गए हैं। ऐसे में आम आदमी की रसोई से सभी सब्जियां बाहर हो गई हैं। तोरई भी 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
बारिश के सीजन में सब्जियों के दाम सातवें आसमान पर पहुंच गए हैं। ऐसे में आमजन को दो वक्त की सब्जी का जुगाड़ करना भी मुश्किल हो गया है। बाजारों में सब्जियों की आवक भी घट गई है। आवक घटने के कारण दामों में तेजी देखी जा रही है। इस समय पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में आफत आई हुई है। टमाटर तो पिछले 15 दिनों से भाव खाए हुए है और लगातार लाल हो रहा है। वहीं झज्जर की सब्जी मंडी में करीब 20 दिन पहले तक जहां टमाटर की बड़ी ढेरियां लगी दिखाई देती थीं, अब वह टोकरी में सिमट कर रह गया है और मंगलवार को तो हालात यह थे कि मात्र तीन दुकानों पर करीब 30 से 40 किलो ग्राम टमाटर बचा था।
सब्जियों की कीमतें
तोरई की कीमत 70 से 80 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है तो फूल गोभी 110 और अदरक के भाव 300 रुपये प्रति किलो तक हैं। हरी मिर्च 120 रुपये तो भिंडी, अरवी, बैंगन 60 से 80 रुपये किलो बिक रहा है। घीया 50 रुपये किलो है। बीन्स भी 100 रुपये के पार हो गई है। अधिकतम हरी सब्जियां आम लोगों की पहुंच से दूर हो गई हैं।
कुछ सब्जियां क्षेत्र के हिसाब से भी महंगी है। बारिश के कारण सब्जियां काफी महंगी हुई हैं। सब्जी विक्रेता दीपक का कहना है कि शिमला मिर्च का भाव 100 रुपये, मटर 240 रुपये, टिंडा 100 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा है। सब्जी मंडी में आढ़ती प्रदीप कुमार ने बताया कि बारिश के चलते सब्जियां तेजी से खराब हो रही हैं, जिसकी वजह से ये और महंगी होने वाली हैं।
टमाटर की आवक न के बराबर है। वहीं अन्य सब्जियों पर भी बारिश का सीधा असर दिखाई दे रहा है। लोकल क्षेत्र से सब्जियां कम आ रही हैं। इसका असर भाव पर पड़ेगा।
- सुनील कुमार, पूर्व प्रधान सब्जी मंडी, झज्जर।