राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय में अपने दस्तावेजों की जाचं करवाते हुए विद्यार्थी।
झज्जर। कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं की पहली मेरिट लिस्ट के दाखिले शुरू हो गए हैं। फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि 9 जुलाई है। फीस डेबिट या क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन भरी जा सकती है। फीस भरने के लिए विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग के प्रवेश पोर्टल पर लॉग इन करना होगा। दूसरी मेरिट लिस्ट 11 जुलाई को जारी होगी।
ओपन काउंसिलिंग 16 जुलाई से शुरू होगी। खाली सीटों को भरने के लिए एडमिशन पोर्टल भी 17 जुलाई को खुलेगा। नेहरू कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने बताया कि विभिन्न कक्षाओं में अब तक 41 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फीस जमा करवाई है। इनमें से शनिवार को 17 विद्यार्थी अपने आवेदन पत्रों की जांच कराने के लिए कॉलेज में उपस्थित हुए। नेहरू कॉलेज में बीए के 279, बीएससी फिजिकल साइंस के 60, बीएससी लाइफ साइंस के 41, बीएससी गणित के 22, बीकॉम के 47, बीसीए के 75 तथा बीबीए के 61 विद्यार्थियों की पहली मेरिट सूची शुक्रवार को जारी की गई थी। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर में बीए की 480, बीकॉम की 140, बीएससी फिजिकल साइंस की 300, बीएससी लाइफ साइंस की 80, बीएससी गणित की 40, बीबीए की 80 तथा बीसीए की 80 सीट हैं।
दस्तावेजों की जांच जरूरी
जिन विद्यार्थियों का नाम मेरिट लिस्ट में आया है और वे एडमिशन लेने के इच्छुक हैं, उनके सभी प्रमाण पत्रों की कॉलेज में जांच होगी। उनको अपने प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी के दो सेट कॉलेज में जमा करवाने होंगे। इसलिए विद्यार्थी अपने ऑनलाइन एडमिशन फॉर्म की हार्ड कॉपी, फोटोग्राफ, सभी मूल प्रमाण पत्र और उनकी फोटोकॉपी साथ लेकर आएं।