झज्जर। सीआईए झज्जर टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी मामले में कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को काबू किया है। सीआईए झज्जर प्रभारी निरीक्षक सोमबीर की पुलिस टीम ने 15 फरवरी को थाना बेरी के एरिया से एक व्यक्ति को एक किलो 135 ग्राम नशीले पदार्थ अफीम के साथ गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की थी। इसमें आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई तो जांच में सामने आया कि यह नशीला पदार्थ उसने राजस्थान निवासी एक व्यक्ति से खरीदा था। इस पर सीआईए झज्जर की पुलिस टीम ने नशीला पदार्थ सप्लाई करने वाले आरोपी को काबू करने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान देवीलाल निवासी राजस्थान के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी को पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।