बहादुरगढ़। आसौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली मांडौठी चौकी पुलिस ने एक आरोपी को प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन के साथ काबू किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी मांडौठी सहायक उप निरीक्षक रणदीप सिंह ने बताया कि चौकी की पुलिस ने सूचना के आधार पर गांव मांडौठी के एरिया से खरहर रोड पर जोहड़ की तरफ नाकाबंदी की। कुछ ही समय बाद बाइक पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया, जिसके हाथ में बाल्टी थी। बाइक सवार के पास नशीले इंजेक्शन होने के संदेह पर नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी को सूचित किया गया। राजपत्रित अधिकारी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष नियम अनुसार तलाशी ली गई तो उसके पास से 40 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
आरोपी की पहचान सुनील उर्फ बबलू निवासी मांडौठी के तौर पर हुई। थाना आसौदा में मामला दर्ज किया गया। उसे अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया। आरोपी के खिलाफ थाना आसौदा में धोखाधड़ी का एक अन्य मामला भी दर्ज है। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे फिर से न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।