झज्जर। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इंटर कॉलेज एथलेटिक्स मीट टूर्नामेंट में राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कई पदक अपने नाम किए हैं। बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा आरती ने हैप्टाथलॉन स्पर्धा में अपने बेहतरीन कौशल और संतुलित प्रदर्शन के बल पर स्वर्ण पदक जीता। बीए द्वितीय वर्ष के छात्र संकेत ने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। वहीं बीए प्रथम वर्ष के छात्र नितिन कुमार ने लंबी कूद प्रतियोगिता में शानदार छलांग लगाते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। प्राचार्य प्रो. दलबीर सिंह, शारीरिक शिक्षा प्रभारी दीपक, जनसंचार प्राध्यापक डॉ. अमित भारद्वाज और प्रवक्ता डॉ. अरुण कुमार ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।