बहादुरगढ़। शहर के धर्मपुरा निवासी एक व्यक्ति द्वारा एक सामाजिक के नाम जारी बैंक चेक का दुरुपयोग कर किसी व्यक्ति ने उनके खाते से 95 हजार रुपये उड़ा लिए। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मपुरा निवासी राम कुमार यादव ने शदर थाना पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के मुताबिक, उनका खाता बहादुरगढ़ में रेलवे रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में है। गत 19 जून को उन्होंने भारत विकास परिषद के नाम 3000 रुपये का चेक जारी किया था। परिषद की ओर से दिल्ली-रोहतक रोड स्थित एचएनजी फैक्टरी के सामने केनरा बैंक की शाखा के चेक ड्रॉप बॉक्स में डाल दिया गया। लेकिन किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जीवाड़ा कर उसी चेक से 3000 के बजाय राम कुमार यादव के 95000 रुपये निकाल लिए। खाताधारक को इसकी जानकारी तब मिली जब बैंक से उनके मोबाइल फोन पर एसएमएस पहुंचा। अपने साथ यह बड़ी धोखाधड़ी होने से यादव को धक्का लगा। उन्होंने मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को की। थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है।