झज्जर। करीब 70 हजार की आबादी वाले शहर को चंडीगढ़ मुख्यालय से 925 विभिन्न साइज की स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए मंजूरी मिल गई है। जिससे शहर का अंधेरा दूर होगा। इनकी खरीदने की प्रक्रिया चंडीगढ़ मुख्यालय से होगी और करीब एक से डेढ़ माह में यह लाइट झज्जर पहुंच जाएंगी। उसके बाद आवश्यकता के अनुसार इनको शहर के विभिन्न हिस्सों में लगाया जाएगा।
इससे पहले शहर को रोशन करने के लिए करीब 9000 विभिन्न प्रकार की लाइट लगाई गई हैं। हालांकि यह सभी लाइट पूर्ण रूप से काम नहीं कर रही हैं, कई जगहों पर इन लाइट की केबल भी काटी गई है। शहर में लगाई गई लाइट में करीब 25 फीसदी से लाइट खराब पड़ीं हैं, चाहे वह एलईडी लाइट हैं या अन्य।
वहीं नगर परिषद की तरफ से लाइटों की मरम्मत के लिए 37 लाख रुपये का टेंडर दिया हुआ है। टेंडर लेने वाली फर्म शहर में लाइटों की मरम्मत का कार्य एक या दो दिन में शुरू कर देगी। नगर परिषद की तरफ से साढ़े 12 लाख रुपये में हाईमास्क लाइटों को ठीक करने का ठेका दिया गया है। शहर में लगाए गए 70 खंभों पर करीब 350 लाइटें लगाई गई हैं। जबकि बहादुरगढ़ रोड पर केबल, लाइटों के लिए खंभे व लाइटें लगाने के साथ-साथ शहर की लाइटों की मरम्मत के लिए साढ़े 24 लाख रुपये में टेंडर दिया गया है। वहीं लाइट खराब होने पर नगर परिषद कार्यालय में रजिस्टर लगाया गया है। कोई की नागरिक यहां पर लाइटों से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकता है।
शहर में लाइटों की स्थिति
-45 वाट की लाइट : 8000
-120 वाट की लाइट : 550
-सोडियम लाइट : 50
-हाई मास्क लाइट 70 खंभों पर : 350
शहर में जल्द ही 925 नई लाइट चंडीगढ़ मुख्यालय से आएंगी। इसके अलावा पहले लगाई गई लाइट की मरम्मत के लिए करीब 37 लाख की लागत से टेंडर कर दिए गए हैं। इनकी मरम्मत का कार्य भी जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
-मनदीप सिंह, एमई, नगर परिषद, झज्जर