बहादुरगढ़। शहर के एक व्यक्ति के खाते से 22 हजार रुपये निकल गए हैं। पीड़ित ने शहर थाने में शिकायत दे दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में शक्ति नगर निवासी हेमराज ने कहा है कि उसका एसबीआई में खाता है। इस खाते पर एटीएम की सुविधा ले रखी है। गत 16 फरवरी को उसके मोबाइल पर 20 हजार रुपये निकासी का मैसेज आया। इसके कुछ देर बाद 2200 रुपये निकालने का एक और मैसेज आया। इसके बाद वह तुरंत एसबीआई बहादुरगढ़ में गया और एटीएम ब्लॉक कराया। बैंक कर्मियों से पूछा कि रुपये कैसे निकले तो किसी ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। जबकि उसने बताया कि एटीएम घर पर ही रखा था किसी को नहीं दिया। चेक बुक व अन्य दस्तावेज भी घर पर सुरक्षित रखे हैं। तब से लेकर अब तक कई बार बैंक अधिकारियों से जांच के लिए कहा, लेकिन उसकी समस्या को अनसुना कर दिया गया। उसे शक है कि इस घटना के पीछे बैंक की ओर से ही लापरवाही रही है। मामले की गंभीरता से जांच की जाए तो इसका खुलासा हो सकता है। उधर, सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।