बाढड़ा। कुछ लोग इनेलो पार्टी को पटरी से उतारने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन हम फिर से पार्टी को पटरी पर लाकर सरकार बनाने का काम करेंगे। गांव काकड़ोली हुक्मी में आयोजित जनसभा में इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कही। दिग्विजय ने कहा कि भाजपा चुनाव आते ही राम मंदिर का राग अलापने लगी है। लोगों को बहका कर 15-15 लाख रुपये खाते में डालने की बात कहकर भाजपा सत्ता में आई और अब तक एक भी पैसा किसी के खाते में नहीं आया। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रथ यात्रा की तो अशोक तंवर ने अपनी साइकिल यात्रा शुरू की जो कि बीच में ही रोक दी गई। कांग्रेस में 16 लोग मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल हैं। दिग्विजय ने कुलदीप बिश्नोई पर तंज कसते हुए कहा कि उनका ट्रैक्टर हिसार की जनता ने पंचर किया था और वह भी मुख्यमंत्री बनने के खवाब देखते हैं। अजय सिंह चौटाला ने भिवानी सांसद होकर 13 हजार नौकरियां दी थीं और इस बार सरकार बनने पर भिवानी-दादरी जिलों के 30 हजार युवाओं को नौकरी देने का काम किया जाएगा। कुछ लोग पार्टी को पटरी से उतारना चाहते हैं, हम फिर से पटरी पर लाकर सरकार बनाने का काम करेंगे। इस अवसर पर अनिल मोटू, विजय काकड़ोली, पूर्व इनेलो उपाध्यक्ष ओमधारा श्योराण, विजय मंदोला, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश द्वारका, युवा हलका अध्यक्ष रामफल कादमा, तेजवीर, कृष्ण, सज्जन, जयवीर, राजेंद्र हुई, भूप सिंह, सतपाल आर्य, महिला हलका प्रधान शशी प्रभा, महिला सेल जिला प्रधान लक्ष्मी बलौदा आदि मौजूद थे।