अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन की सरकारी दुकानों के माध्यम से मिलने वाला राशन कोई उपभोक्ता महीने की अंतिम तारीख तक नहीं लेता तो उसका राशन लैप्स हो जाएगा। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अशोक शर्मा ने बताया कि जिले में सभी राशन डिपो को जुलाई माह के लिए गेहूं जारी कर दिया है। ऐसे में सभी उपभोक्ता 31 जुलाई तक निर्धारित मात्रा व दर पर प्राप्त करें। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक ने बताया कि झज्जर जिला में सभी 339 राशन डिपो को प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन वितरित कर दी गई है। जिला में बीपीएल, एपीएल व ओपीएच श्रेणी के 89704 राशन कार्ड धारकों के लिए जुलाई माह के लिए 15,431 क्विंटल गेहूं जारी किया गया है। राशन वितरण में पीओएस मशीन के जरिए सभी उपभोक्ता अपना राशन ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी उपभोक्ता को राशन मिलने पर परेशानी हो तो वह 01251-252516 नंबर पर संपर्क कर सकता है या फिर जिला मुख्यालय पर लघु सचिवालय के दूसरे तल पर जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।