अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। झज्जर-बहादुरगढ़ रूट पर चलने वाली निजी बस के चालक और कुछ युवकों के बीच झगड़ा हो गया। सीट को लेकर हुए विवाद में युवकों ने बस चालक को मारपीट कर घायल कर दिया। घायल को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट का आरोप दुल्हेड़ा के युवकों पर है। शहर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डाबोद खुर्द निवासी सतीश कुमार बहादुरगढ़-झज्जर रूट पर चलने वाली निजी बस पर चालक है। शुक्रवार की दोपहर को वह झज्जर से सवारी लेकर बहादुरगढ़ के लिए चला। बहादुरगढ़ में झज्जर रोड पर जब वह राम गैस एजेंसी के पास पहुंचा तो यहां कुछ युवकों के साथ उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ा तो बस रोक दी गई। युवकों ने ड्राइवर सतीश को बाहर निकालकर मारपीट की। यात्रियों ने किसी तरह बीच बचाव कर सतीश को छुड़ाया। मारपीट करने के बाद युवक भाग गए। यात्रियों ने घायल सतीश को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही सिटी थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। देर शाम तक घायल के बयान नहीं हो सके थे। बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले पांच-छह युवक थे। ये गांव दुल्हेड़ा के हैं। कुछ सवारियों की मानें तो इन युवकों का सीट को लेकर सतीश से विवाद हुआ था। जबकि कुछ यात्री कह रहे हैं कि युवकों ने टिकट नहीं ली। उधर, मामले के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि अभी घायल के बयान नहीं हो पाए हैं। बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी। मारपीट करने वाले युवकों का भी पता लगाया जा रहा है।