चरखी दादरी। पुलिस विभाग ने जिले 450 पदों को मंजूरी दे दी है। अब पदों की संख्या बढ़कर 907 हो गई हैं। जल्द ही पुलिस जिले में चौकियों और थानों के नए भवनों के निर्माण करवाएगी। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कानून और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में पुलिस बल की पर्याप्त मौजूदगी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दादरी में ट्रैफिक थाना, झोझू कलां में पुलिस थाना, गांव इमलोटा, सिविल अस्पताल, अटेला में पुलिस चौकी स्थापित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इन्हें शीघ्र विभाग के मुख्यालय से स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। अटेला में ग्राम पंचायत जमीन देकर पुलिस चौकी खुलवा रही है। इससे दादरी से बाढड़ा के बीच सुरक्षा के लिए नाकाबंदी हो सकेगी। उन्होंने बताया कि दादरी शहर में अब पेपर चालान बंद कर दिए हैं। ई-चालान काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी यातायात के नियमों की अवहेलना करेेंगे तो उन पर भी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व पर शहर और जिले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन के मद्देनजर बाजारों में पुलिस की पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी।