चरखी दादरी। नगर परिषद में मंगलवार को ठेकेदार और नगर परिषद कर्मचारियों के बीच हुई कहासुनी के बाद अब नगर परिषद की ओर से संबंधित ठेकेदार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। ठेकेदार पहले ही पुलिस में शिकायत दर्ज करवा चुका है। पुलिस ने दोनो तरफ से शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विदित रहे मंगलवार को ठेकेदार जयवीर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह नगर परिषद कार्यालय में टेंडर आदि के काम से गया था। शिकायत में ठेकेदार जयवीर का आरोप है जब वह परिषद के एक क्लर्क के पास रसीद कटवाने गया तो उसने इंकार कर दिया था। जब वह चेयरमैन के पास पहुंचा तो उसने भी टेंडर लगाने से इंकार कर दिया था। चेयरमैन ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। बाद में इसकी शिकायत शहर पुलिस में दर्ज करवाई। बुधवार को इस संबंध में नगर परिषद के एक ऑपरेटर ने चेयरमैन संजय छपारिया को लिखित में इस आशय की शिकायत दी। चेयरमैन ने ऑपरेटर की शिकायत के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। शहर पुलिस ने दोनो पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।