पुलिस ने किए 194 वाहनों के चालान
झज्जर। ऑपरेशन क्लीन के तहत जिला पुलिस की अलग-अलग टीमों ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर 194 वाहनों के चालान किए। इनमें काली फिल्म लगे वाहनों के 5, दुपहिया वाहन पर तीन सवारी के 54, बिना नंबर प्लेट वाहनों के 4, नशे की हालत में वाहन चलाने के 31 और बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर 27 चालान शामिल हैं। ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करते हुए पकड़े जाने पर चार स्कूल बसों को इंपाउंड भी किया गया। जिला पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम व अपराधियों की धरपकड़ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के मद्देनजर ट्रैफिक नियमों की पालना को सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन पूरी मुस्तैदी के साथ लगातार जारी रहेगा ।