पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए 31 तक करें आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
अनुसूचित एवं पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल करने की सुविधा के लिए हरियाणा सरकार द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना चलाई जा रही है। जिला कल्याण अधिकारी दीपिका सारवान ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग द्वारा चलाई जा रही इस योजना के लिए विद्यार्थी 31 जनवरी तक एचआरवाईएससीबीसीस्कीम्स वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति के अभिभावकों की आय दो लाख 50 हजार रुपये, विमुक्त, घूमंतू व अर्ध घूमंतू जातियों के विद्यार्थियों के माता-पिता की आय दो लाख रुपये और पिछडे़ वर्ग के छात्रों के अभिभावक की आय एक लाख रुपये वार्षिक से अधिक नहीं होनी चाहिए। जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि पिछडे़ वर्ग, विधवा के बच्चों, बीपीएल परिवार की लड़कियों व बेसहारा अनाथ बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति के अतिरिक्त आवश्यक नान रिफंडेबल फीस का भुगतान किया जाता है। इस विषय में विद्यार्थी अधिक जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी चरखी दादरी के दूरभाष नंबर 01250-220322 पर संपर्क कर सकते हैं।