अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर शुक्रवार को दिनभर गहमागहमी रही। इस बीच शांतिपूर्ण माहौल में मतगणना संपन्न हुई और जीत का सेहरा पूर्व में बार के प्रधान रहे यशपाल सैनी एडवोकेट के सिर बंधा। त्रिकोणीय मुकाबले में यशपाल सैनी ने 656 में से 234 मत हासिल करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पूर्व प्रधान अजीत सोलंकी को पराजित कर विजयी रहे। अजीत सोलंकी को 226 मत मिले जबकि निवृत्तमान प्रधान कृष्ण कादियान को 192 मत हासिल हुए। यशपाल के विजयी होने पर समर्थकों ने खुशी जताई और फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। शुक्रवार को सुबह 8 बजे शाम 4 बजे तक वोटिंग हुई। बार एसोसिएशन के 778 सदस्यों में से 656 ने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद हुई मतगणना में पूर्व प्रधान अजीत सिंह सोलंकी से 8 मत अधिक हासिल कर यशपाल सैनी प्रधान चुने गए। खास बात यह है की प्रधान पद के लिए किस्मत आजमा चुके तीनों प्रत्याशी पहले प्रधान रह चुके हैं। उप प्रधान पद पर भावेश यादव ने कब्जा जमाया। भावेश को 241 मत मिले जबकि राजकुमार वत्स को 224 व धर्मेंद्र सिंह को 189 मत हासिल हुए। भावेश ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजकुमार वत्स को 17 वोटों से हरा दिया। इस पर के लिए भावेश यादव, राजकुमार वत्स व धर्मेंद्र तीन प्रत्याशी मैदान में थे। चुनाव में सचिव पद के लिए दो उम्मीदवार कपिल चौहान व संदीप डबास मैदान में थे। इसमें कपिल चौहान ने 367 मत हासिल कर विजय दर्ज की और संदीप डबास को 285 वोट मिले। ओमप्रकाश गोयल सीनियर वकील को चुनाव अधिकारी बनाया था। जीत की सूचना मिलते ही प्रधान बने यशपाल सैनी समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। यशपाल सैनी ने कहा की वे पहले की तरह बार की समस्याओं को प्राथमिकता से लेंगे। यशपाल ने कहा की यह जीत उनकी नहीं बल्कि भाईचारे की जीत है और उनकी प्राथमिकता नए वकीलों के लिए चेंबर देने की होगी।