अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। रोहतक-झज्जर-रेवाड़ी रेल मार्ग पर झज्जर रेलवे स्टेशन के नजदीक ग्वालीशन रोड फाटक को मंगलवार शाम को एक ऑटो ने टक्कर मार दी। इससे फाटक की पाइप टूट गई। इस दौरान मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशन पर सूचना दी। इसके बाद रोहतक की ओर से आ रही मालगाड़ी को फाटक से पहले ही रोक दिया गया। कर्मचारियों ने फाटक पर चेन लगाकर वाहनों को रोका। ऐसे में करीब बीस मिनट तक मालगाड़ी ट्रैक पर ही खड़ी रही। उसके बाद रोहतक से रेवाड़ी की तरफ जा रही डीएमयू गाड़ी को भी करीब पांच मिनट तक फाटक से पहले रोका गया और फाटक से गाड़ी पास करने के कागजात चालक को दिए गया उसके बाद ही गाड़ी को रेलवे स्टेशन की तरफ बढ़ाया गया। इसी बीच फाटक को ठीक करने का काम भी शुरू कर दिया गया था। गेट मैन ने बताया कि टक्कर के बाद ऑटो चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़ कर भाग गया था। इसके बाद यातायात पुलिस को भी काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।