ममता बेस्ट कैंपर के पुरस्कार से सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
राजकीय कॉलेज बिरोहड़ में सात दिवसीय एनएसएस कैंप का शनिवार को समापन हो गया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के एनएसएस को-ऑर्डिनेटर डॉ. रणबीर गुलिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कैंप के दौरान ममता जाखड़ को बेस्ट कैंपर का पुरस्कार मिला। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनीता फौगाट ने बताया कि सात दिवसीय कैंप के दौरान स्वयंसेविकाओं ने सामाजिक गतिविधियों में भाग लिया। इसके तहत साक्षरता कार्यक्रम, चेतना रैली निकाल ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बैंक मैनेजर सुनील बजाड़ ने कैशलेस की जानकारी दी। विषय विशेषज्ञों द्वारा शिक्षा, समाज, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के अलावा विभिन्न विषयों के प्रति व्याख्यान दिए गए। डॉ. अनीता फौगाट ने बताया कि शनिवार को कैंप के समापन पर ममता जाखड़ को बेस्ट कैंपर चुना गया। इसी प्रकार मोनिका और निकिता को बेस्ट डांसर का पुरस्कार मिला। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के एनएसएस को-ऑर्डिनेटर डॉ. रणबीर गुलिया ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। डॉ. रणबीर गुलिया ने कहा कि एनएसएस की समाज निर्माण में विशेष भूमिका है। यह ऐसा मंच है जिसके जरिए छात्रों में समाज और राष्ट्र सेवा की भावना पैदा होती है। डॉ. अनीता फौगाट ने मुख्य अतिथि का आभार जताया। इस मौके पर डॉ. अजय कादयान भी मौजूद रहे।
फोटो 19 महर्षि दयानंद विश्विद्यालय रोहतक के एनएसएस को-ऑर्डिनेटर के साथ स्वयंसेविकाएं