बहादुरगढ़। नगर परिषद की ओर से पॉलिथीन का प्रयोग करने पर 10 दुकानदारों के चालान काटे गए हैं। उन पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी किया गया है। जनवरी माह में ईपीसीए के चेयरमैन भूरेलाल ने भी पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों के चालान करने के निर्देश दिए थे। अब एनजीटी भी पॉलिथीन के प्रयोग को लेकर सख्त हो गई है। एनजीटी ने नप को निर्देश दिए थे कि वह पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों पर कार्रवाई करे। इसी सिलसिले में सोमवार को नप के मुख्य सफाई निरीक्षक बलबीर सिंह व सफाई निरीक्षक सतपाल सैनी के नेतृत्व में एक टीम ने रोहतक रोड व झज्जर चौक पर औचक निरीक्षण किया। यहां पर 10 दुकानदारों को पॉलिथीन का प्रयोग करते हुए पकड़ लिया। उन पर 500-500 रुपये का जुर्माना किया गया। इस बारे में नप के मुख्य सफाई निरीक्षक बलबीर सिंह ने बताया कि पॉलिथीन के प्रयोग पर रोक लगी हुई है। मगर अब भी दुकानदार व आमजन इसका प्रयोग कर रहे हैं, जो गलत है। अब पॉलिथीन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ हर रोज कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को भी 10 दुकानदारों के चालान किए गए हैं।