बौंदकलां। अयोध्या में हुई नेशनल सीनियर रेसलिंग चैंपियनशिप में कस्बे की लाडली कविता परमार ने 72 किलोग्राम भार वर्ग में दम दिखाकर कुश्ती में कांस्य पदक जीता है। पहलवान कविता परमार के सम्मान में वीरवार को बौंद के नरेश अखाड़ा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। बौंदकलां निवासी पोपी परमार की पुत्री कविता परमार ने अयोध्या में आयोजित की गई नेशनल सीनियर कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पुराने भवन में चल रहे नरेश अखाड़ा में पहलवान कविता परमार को फूलों की मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद पदक विजेता को सम्मानित भी किया गया। कविता परमार ने कुश्ती की शुरूआत नरेश अखाड़ा से की थी। कविता परमार इससे पहले भी नेशनल लेवल पर मेडल जीत चुकी है। कुश्ती पहलवान कविता परमार रेलवे में टीटी के पद पर कार्यरत है। इस अवसर पर नरेश अखाड़ा के कोच नरेश पहलवान, संजय सिंह, जयभगवान, कैप्टन कर्ण सिंह, मंदीप, सतबीर, कुलदीप परमार व उदयभान सोनी उपस्थित थे।