झोझूकलां में बिजली संकट गहराने से दुकानदार और ग्रामीण परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
झोझू कलां में करीब एक माह से बिजली संकट गहराने से दुकानदारों और ग्रामीणों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि कस्बे में बिजली के अघोषित कट लगाए जा रहें है। बिजली किल्लत के चलते दुकानदारों को अधिक दिक्कतें हो रही हैं। कस्बा होने के कारण आसपास के गांवों के लोग भी झोझू कलां में ही अपना बैंक, साइबर कैफे और हार्डवेयर का काम करवाने आते हैं। बिजली की कमी के कारण लोगों को बिना काम कराए ही वापस जाना पड़ रहा है। बिजली की कमी के कारण बैंकों का काम भी ठप पड़ा है। दुकानदारों का कहना है कि जब से कस्बे के बिजली सब स्टेशन से क्रेशर प्लांट के कनेक्शन किए गए हैं तब से गांव में बिजली की भारी कटौति कर क्रेशर प्लांटों में सप्लाई बढ़ा दी गई है। दुकानदार सुधीर ने बताया कि बिजली की कटौती के कारण स्कूल, कॉलेजों के बच्चों को फोटोस्टेट, रोजगार के फार्म , रिजल्ट आदि का काम करवाने के लिए चरखी दादरी जाना पड़ रहा है। कंप्यूटर सेंटर संचालक नवीन का कहना है कि बिजली की कमी के कारण बच्चों की कंप्यूटर शिक्षा भी बाधित हो गई है। दुकानदार अजय, सुमेर, नरेंद्र, बबलू, सुरेंद्र, प्रताप, सोमबीर व राजेश ने बिजली किल्लत स निजात दिलाने की गुहार लगाई है।