झज्जर। सिलानी गेट पर सोमवार देर शाम पकड़ा गया 500 किलो से अधिक पनीर कहां से आया और कहां जाना था, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पनीर लेकर सिलानी गेट पहुंचे ड्राइवर सहित दो अन्य लोग बार-बार बयान बदलते रहे हैं। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर के दो सैंपल लेकर जांच को भेज दिया है और पनीर वापस उन्हीं लोगों को सुपुर्द कर दिया है।
शहर में लाया गया पनीर स्वास्थ्य के लिए कितना सुरक्षित है, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। लाने वाले और ड्राइवर अपने बयान बार-बार बदल रहे हैं। सैंपल लेने तक की बात करने वाला जिला खाद्य सुरक्षा विभाग यह जवाब नहीं दे पा रहा कि यदि पनीर की जांच रिपोर्ट फेल आई तो वह क्या करेगा। जबकि जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सोमवार शाम को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में काफी मात्रा में पनीर भरकर लाया जा रहा है और सिलानी गेट पर उतारा जाना है। इसी सूचना पाकर टीम ने पनीर को कब्जे में लेकर उसकी जांच की और सैंपल भरे। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजेश वर्मा के नेतृत्व में दो सैंपल लिए गए हैं। गाड़ी में कुल 6 ड्रमों में अलग-अलग पैकिंग में लगभग 500 किलो से अधिक पनीर रखा था। गाड़ी में तीन लोग पनीर ला रहे थे। झज्जर शहर ही नहीं जिले में मेवात के अंदर दूध से बनी काफी चीजें सप्लाई होती हैं। यहां सबसे ज्यादा पनीर की सप्लाई होती है। वहीं बताया गया कि 12 जिलों पर एक लैब है। ऐसे में सैंपल की रिपोर्ट आने में एक माह से तीन माह तक का समय लग जाता है।
वर्जन
सोमवार देर शाम को पनीर पकड़ा था। उसके दो सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई होगी। पनीर को वापस दे दिया है, क्योंकि जब्त पनीर को जब्त नहीं किया जा सकता।
- डॉ. राजेश वर्मा, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, झज्जर