बारिश के दौरान जलभराव के बीच से गुजरता ऑटो चालक।
बहादुरगढ़। जिले में शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे अचानक तेज बारिश हुई। रिकाॅर्ड के अनुसार, 15 मिनट तक कुल 5 मिलीमीटर (एमएम) बारिश हुई। हालांकि इससे सड़कों पर पानी भर गया। कुछ देर के लिए तो यह बारिश लोगों के लिए राहत बनी, लेकिन बाद में उमस होने से लोग परेशान दिखाई दिए। लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री, जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश होने से शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। साथ ही कई स्थानों पर सड़कों पर कीचड़ का आलम हो गया। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। जिस समय बारिश हुई उस दौरान बच्चों के स्कूल जाने का समय भी था। स्कूल जाने वाले काफी बच्चे भीग गए। इससे वे परेशान दिखाई दिए। बारिश से लाइनपार के जौहरी नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी, वत्स कॉलोनी, हरि नगर, दिल्ली-रोहतक रोड, झज्जर रोड, नाहरा-नाहरी रोड समेत सब्जी मंडी, नागरिक अस्पताल परिसर व अन्य कई जगहों पर जलभराव होने से लोग परेशान दिखे। शहर के कई हिस्सों में जलनिकासी की व्यवस्था सही से नहीं होने के कारण पानी सड़कों व गलियों में भर गया। सब्जी मंडी परिसर में भी कीचड़ का आलम हो गया। -