आल-प्याज की दुकान में गल्ले से पैसे चुराता संदिग्ध।
बहादुरगढ़। झज्जर रोड स्थित सब्जी मंडी में आलू-प्याज के व्यापारी की दुकान में रखे काउंटर से 83 सेकंड में पौने छह लाख रुपये चोरी कर लिए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। दुकान में एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर घुसा और काउंटर में गल्ले से पैसे चुरा ले गया। दुकान मालिक ने इसकी शिकायत थाना सेक्टर-6 पुलिस को दी है।
पुलिस ने केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अभी आरोपी का सुराग नहीं लगा है। वारदात 19 जुलाई की दोपहर 3 बजे के आसपास हुई। पुलिस को दी शिकायत में जितेंद्र सिंह निवासी लाइनपार ने बताया कि वह विकास नगर, लाइनपार में रहता है और सब्जी मंडी में किराये पर दुकान ले रखी है। आलू और प्याज की थोक बिक्री करता है। शुक्रवार को वह दुकान के आगे बने टीन शेड के नीचे रखे काउंटर में 5 लाख 71 हजार रुपये रखकर करीब अपने घर गया था। जब वह 5 बजे घर से वापस आया तो काउंटर का गल्ला खुला हुआ मिला और उसमें पैसे नहीं थे।
इस तरह दियावारदात को अंजाम
दुकानदार को सीसीटीवी चैक करने पर पता चला कि आरोपी 2 बजकर 56 मिनट पर प्रवेश करता है और 2 बजकर 56 मिनट 30 सेकेंड पर काउंटर के सामने रखी कुर्सी पर बैठकर गल्ले को खोलता है। कमर पर रखा बैग उतारता है और गल्ले के अंदर रखे पैसों को 83 सेकेंड में लेकर इधर-उधर देखता है और दुकान से बाहर निकल जाता है।
वर्जन...
सब्जी मंडी में दुकान के अंदर काउंटर में बने गल्ले से 5 लाख 71 हजार रुपये चोरी होने की शिकायत मिली है। शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। वारदात को सुलझाने के लिए सीसीटीवी की मदद ली जा रही है। जल्द ही उसे काबू किया जाएगा।
-संदीप कुमार, एसएचओ, सेक्टर-6 थाना बहादुरगढ़।