चरखी दादरी। शहीद भगत सिंह स्पोटर्स अकादमी के खिलाड़ियों ने अमृतसर में आयोजित राष्ट्रीय स्कूल गेम्स की कराटे स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन किया। अकादमी की दो महिला खिलाड़ियों ने स्पर्धा में सिल्वर और ब्रांज मेडल हासिल किए। इस उपलब्धि पर रविवार को अकादमी परिसर में साथी खिलाड़ियों ने खुशी का इजहार किया। रविवार को पदक विजेताओं के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया जिसमें खेल प्रेमियों व गणमान्य लोगों ने शिरकत की। महिला कोच सुदेश तक्षक ने बताया कि यह स्पर्धा सात से 12 अप्रैल तक अमृतसर में आयोजित की गई थी। इसमें अकादमी की दो खिलाड़ियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने अंडर-19 आयु वर्ग में सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि 56 किलोग्राम भार वर्ग में खिलाड़ी क्षमा नेसिल्वर मेडल और 64 किलोग्राम भारवर्ग में साक्षी ने ब्रांज मेडल प्राप्त किया। रविवार को पदक विजेता खिलाड़ी अकादमी पहुंची और कोच राजेश तक्षक की अध्यक्षता में उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर एईओ पवन कुमार, रिटायर्ड बीईओ रोशनी शर्मा, निदेशक रविंद्र तक्षक, ओमवीर, अधिवक्ता कुलवंत, अनिता लुहाच, राजेश फौगाट, रमेश कोच, बॉक्सिंग कोच दिलावर व दिलबाग पहलवान उपस्थित थे। सभी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।