अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। छतरी साहिब मंदिर छुड़ानी धाम के महंत दया सागर ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि अगर उन पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने जल्द गिरफ्तार नहीं किया तो साध-संगत व साधुओं के साथ मिलकर 19 मार्च को गांव दुल्हेड़ा में बहादुरगढ़-झज्जर मार्ग को अवरुद्ध कर दिया जाएगा। महंत ने बताया कि गत नवंबर माह में गांव में उन पर जानलेवा हमला किया गया था। इसमें गांव के ही एक युवक का हाथ सामने आया था। इस मामले में पुलिस से लेकर उच्च अधिकारियों को भी शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद आरोपी के खिलाफ केस तो दर्ज हुआ लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई। महंत दयासागर ने पुलिस अधिकारियों को चेताया है यदि जल्द ही उन्हें न्याय नहीं मिला और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई तो 19 मार्च को साध-संगत के साथ मिलकर सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। महंत ने बताया कि 18 मार्च को वे अपने एक प्रतिनिधिमंडल को रोहतक रेंज के आईजी के पास भी भेजेंगे। अगर वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन के लिए धरना भी दिया जाएगा। साथ ही पुलिस अधिकारियों के खिलाफ पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की भी शरण ली जाएगी।