अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। आचार संहिता लगने के साथ ही आर्य समाज ने भी नशे के खिलाफ कमर कस ली है। छारा गांव में बुधवार को आर्य समाज के लोगों ने यज्ञ में आहुति डालकर संकल्प लिया कि जो पार्टी नशा बंद करेगी, उसे ही वे वोट देंगे। बुधवार को छारा गांव में आर्य समाज की एक सभा हुई। सभा की शुरुआत यज्ञ से हुई। यज्ञ में आहुति डालकर लोगों ने सुख समृद्धि और शांति की कामना की। प्रधान आर्य प्रमोद ने कहा कि नशा समाज में फैली एक गंभीर बुराई है। इससे न केवल शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति को बल्कि उसके परिवार व समाज को भी नुकसान पहुंचता है। नशे के कारण परिवार तक बिखर जाते हैं। आज गांव में जगह-जगह शराब के ठेके खुले हैं, इस वजह से काफी परिवार बर्बाद हो गए हैं। युवा वर्ग भी गलत रास्ते पर है। बकौल प्रमोद, उन्होंने निर्णय ले लिया है कि नशे के खिलाफ उनकी जो लड़ाई चल रही है, उसे अब बड़ा रूप दिया जाएगा। चूंकि अब चुनाव आ रहे हैं तो शराब पर जोर रहेगा, लेकिन आर्य समाज इस काम को नहीं होने देगा। जो शराब का समर्थन करेगा उसका बहिष्कार करेंगे और जो उम्मीदवार शराब को बंद करेगा उसे वोट देंगे। सभा में आर्य राज, आर्य वीरेंद्र, आर्य पवन, आर्य राजकुमार, आर्य प्रेम, आर्य अनेंद्र भी उपस्थित रहे।