प्रदेश का हर वर्ग बीजेपी के कुशासन से तंग: बलजीत
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
वार्ड -11 स्थित सामुदायिक केंद्र परिसर में क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों की बैठक हुई। इसमें बतौर मुख्य वक्ता कांग्रेस दादरी हलका प्रधान बलजीत फौगाट ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश का शायद कोई वर्ग ऐसा हो जो कि बीजेपी के कुशासन से तंग न हो। विकास के नाम पर झूठे सब्जबाग दिखाकर सत्ता में आई इस पार्टी ने आज तक कोई भी कार्य ऐसा नहीं किया जिससे कि प्रदेश में कही भी कोई किसी का भला हुआ हो। गरीब, कमेरा, मजदूर, व्यापारी, युवा, महिला सभी वर्ग आज दुखी है। आज प्रदेश की जनता को कांग्रेस का शासन याद आ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में प्रदेश को बिजली के चार थर्मल प्लांट मिले, गरीब लोगों को सौ-सौ गज के प्लाट मिले, व्यापारियों व रोजगार के लिए सोसायटियों के 850 करोड़ की कर्ज माफी हुई, ग्रामीण क्षेत्र में कृषि की दशा देखकर 1600 करोड़ बिजली का बिल माफ हुआ, एमसी, नंबरदारों, सरपंचों, पंचों, मेंबर आदि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सभी वर्गों के लिए कार्य हुआ। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों के विकास योजनाएं चलाई गई। प्रदेश को नंबर वन बनाने के लिए बिना भेदभाव के कार्य किया गया, लेकिन वर्तमान बीजेपी ने हरियाणा को वर्षों पीछे धकेल दिया है। इस अवसर पर दौलत राम वाल्मीकि, अर्जन दास, धर्मबीर, राजू लोट, रमेश डुलगच, मास्टर सूरजभान, मास्टर शिबू, हरिचंद, रावतराम, कृष्णा जेदिया, चंद्रभान गहचंद, मास्टर कृष्ण कुमार दहिया, ओम प्रकाश मोरवाल, कांग्रेस हलका महासचिव गोपीचंद लांबा, बिल्लू डांढा, सुरजीत फौगाट आदि साथ थे।